Maharajganj Times

जिलाधिकारी ने डूडा और नगर निकाय के विकास कार्यो का लिया जायजा,चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे और छठ घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सहित दिए आवश्यक दिशा निर्देश

Maharajganj
Wednesday, 25 Sep, 2024
0
507
 
 
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में बुधवार को डूडा और नगर निकाय के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक बुद्धा सभागार में अधिशासी अधिकारियों एवं प्रशासनिक प्रभारियों के साथ की गयी। बैठक में पी.एम. आवास, पी.एम. स्वनिधि योजना, एन.यू.एल.एम एवं निर्माण कार्यो के साथ नगर निकायों की राजस्व व आय वृद्धि की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जल्द से जल्द पी०एम० आवास निर्माण को पूरा कराया जाय। उन्होंने छत स्तर पर पहुंच चुके आवासों को मिशन मोड पर पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही उनकी जियो टैगिंग के लिए भी कहा। जिलाधिकारी ने पी.एम. स्वनिधि योजना में न्यूनतम 80% वेंडर्स की प्रोफाइल तैयार कर ऋण वितरण करने का निर्देश दिया। उन्होंने हाट बाजारों साप्ताहिक बाजार के रेहड़ी–पटरी व्यवसायियों को भी ज्यादा से ज्यादा पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ने व परिचय पत्र जारी करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में सभी मुख्य चौराहो व मुख्य स्थलों पर सी.सी. टीवी कैमरे लगवाने, छठ घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, एकीकृत पीए सिस्टम लगवाने और ब्लैक स्पॉट को समाप्त करने को लेकर चल रहे कार्यों की जानकारी ली और कहा कि उक्त कार्यों को तेज करें। बैठक में अपर जिलाधिकारी डॉ पंकज कुमार वर्मा, एसडीएम फरेन्दा नवीन कुमार, अपर एसडीएम मुकेश सिंह, समस्त अधिशासी अधिकारी, सीएमएम आनंद त्रिपाठी सहित डूडा से संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
<